दिल्ली विधानसभा का तीन दिवसीय सत्र आज से शुरू हाे रहा है। 27 साल बाद सदन में सत्तापक्ष में भाजपा बैठेगी और 10 साल से सत्ता में रही आप विपक्ष में बैठेगी। सत्र के पहले दिन विधानसभा के नव निर्वाचित 70 सदस्य शपथ लेंगे तथा दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा। विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए विजेंद्र गुप्ता ने नामांकन कराया है। दूसरे दिन यानी 25 फरवरी को उपराज्यपाल वी के सक्सेना के अभिभाषण के बाद पिछली आप सरकार की लंबित 14 कैग रिपोर्ट को सदन पटल में रखा जाएगा।सदन चलाने के लिए गांधी नगर से विधायक अरविंदर सिंह लवली को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया गया है। इस बारे में उपराज्यपाल वी के सक्सेना के निर्देश पर आदेश जारी कर दिए गए हैं। 24 फरवरी यानी आज सुबह 11 बजे विधानसभा के नए कार्यकाल का पहला सत्र शुरू होगा। इस दौरान नवनिर्वाचित विधायकों को प्रोटेम स्पीकर अरविंदर सिंह लवली शपथ दिलाएंगे। जब तक विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव नहीं हो जाता, वह प्रोटेम स्पीकर के तौर पर जिम्मेदारी संभालेंगे।
पहले दिन दोपहर दो बजे विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता विजेंद्र गुप्ता को अध्यक्ष बनाए जाने का प्रस्ताव रखेंगी। जिसका कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा समर्थन करेंगे। कैबिनेट मंत्री रविन्द्र इंद्रराज प्रस्ताव रखेंगे कि विजेंद्र गुप्ता को अध्यक्ष निर्वाचित किया जाए। इस प्रस्ताव का कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह समर्थन करेंगे। इस तरह अध्यक्ष के निर्वाचन की कार्यवाही पूरी की जाएगी। विधानसभा सत्र के दूसरे दिन 25 फरवरी को सत्र में उपराज्यपाल वीके सक्सेना का अभिभाषण होगा। इसके बाद विधानसभा के पटल पर कैग रिपोर्ट रखी जाएगी। एलजी के अभिभाषण पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता धन्यवाद प्रस्ताव पेश करेंगी। 26 फरवरी को अवकाश रहेगा। 27 फरवरी को सदन में उपराज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद विधानसभा के उपाध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा। विधानसभा के एजेंडे के अनुसार जो सदस्य 24 फरवरी को शपथ लेने में असमर्थ होंगे, वे बाद में विधानसभा की किसी भी बैठक में सचिव को सुबह 11 बजे तक तक सूचना देकर शपथ ले सकेंगे।